मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवारों को ₹4-₹4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान

काशीपुर। विधानसभा क्षेत्र काशीपुर के पक्का कोर्ट, महादेव कॉलोनी में विगत दिनों हुई अत्यंत दुखद घटना, जिसमें दो मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी, के संदर्भ में आज पीड़ित परिवारों को विधायक त्रिलोक सिंह चीमा द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹4-₹4 लाख की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विधायक चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रत्येक संकट की घड़ी में प्रदेशवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार का उद्देश्य केवल संवेदना व्यक्त करना ही नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों तक समयबद्ध राहत पहुँचाना भी है।
आर्थिक सहायता के चेक प्रदान करते हुए कहा गया कि किसी भी परिवार की अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार दुःख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान तहसीलदार पंकज चंदोला उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई कर सहायता राशि स्वीकृत कराने एवं पीड़ित परिवारों तक पहुँचाने के लिए एसडीएम काशीपुर तथा तहसीलदार काशीपुर के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। अंत में दिवंगत दोनों मासूम बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्य आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
