भारी बारिश के बीच गिरा विद्युत पोल

काशीपुर। मोहल्ला अल्ली खां चैक पर मंझरे को जाने वाले रास्ते के निकट आज एक जर्जर बिजली का खंभा अचानक गिर गया। संयोगवश घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त खंभे पर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के साथ बिजली और संचार के कई तारों का भार था। उनका कहना है कि ऽखंभा लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, लेकिन समय रहते उसकी मरम्मत या बदला नहीं किया गया। लगातार बढ़ते भार और कमजोर संरचना के कारण वह अचानक धराशायी हो गया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के कई इलाकों में ऐसे जर्जर बिजली के खंभे अब भी खड़े हैं, जो तेज बारिश, आंधी या तारों के अधिक भार के कारण कभी भी गिर सकते हैं। लोगों ने पूरे शहर में जर्जर खंभों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
