प्रेमी के साथ मिल बेटी ने सरिये और चाकू से की अपने पिता की हत्या

Spread the love



हाथरस। हाथरस में एक किशोरी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लोहे के सरिये और चाकू से अपने पिता की हत्या कर दी। खून से लथपथ शव घर के कमरे में पड़ा मिला। लड़की के दादा ने इस मामले में अपनी नातिन और उसके प्रेमी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
यह मामला कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला अलर्जी का है। दुर्गेश कांत (46) पुत्र हरिप्रसाद सिंह शिक्षक थे, उनकी पत्नी स्वास्थ्य विभाग में हैं। दादा हरिप्रसाद ने मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि मंगलवार को उनका बेटा दुर्गेशकांत और उनकी नातिन घर पर थे। वो और उनका पोता ऋषिकांत पार्सल लेने बाजार गए थे। जब दोनों वापस आए तो मकान के दरवाजे बंद थे।
ऋषिकांत ने जैसे-तैसे मकान का दरवाजा तोड़ा और मकान में प्रवेश किया। उन्होंने देखा कि मृतक की बेटी के हाथ में सरिया और उसके प्रेमी के हाथ में चाकू है। दोनों चाकू और सरिए से दुर्गेशकांत पर हमला कर रहे थे। हरिप्रसाद और उसके पोते ने शोर मचाने की कोशिश की तो उनकी नातिन के प्रेमी ने ऋषिकांत को जान से मारने के लिए जमीन पर गिरा दिया और उसका गला दबाने लगा।
हरिप्रसाद ने उसको धक्का देकर हटाया तो दोनों आरोपी उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। मामले जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर एसपी देवेश कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला अलगरजी में एक व्यक्ति का शव मकान में मिला था। मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंच गए। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

hello