काशीपुर। पुलिस ने 3 शातिर अन्तर्राज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से काशीपुर, अमरोहा व गाजियाबाद से चोरी की हुई एक दर्जन बाइकें बरामद की हैं। क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे को गठित पुलिस टीम द्वारा चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन बुधानी तथा उनकी टीम ने रविवार रात मानपुर तिराहे से आगे मानव विहार की तरफ कच्चे रास्ते पर जा रहे बाइक सवारों की संदिग्ध गतिविधियां देखते हुये उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया तथा उनके द्वारा ऊंची झाड़ियों में छिपाई हुई चोरी की 12 बाइक बरामद कर लीं।
एसपी आॅफिस में घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पकड़े गये चोर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के काशीपुर तथा उसके आसपास के क्षेत्रों की बाइकें चोरी करते थे। वे लोग रैकी करने के बाद बाइक चोरी कर लेते थे और उसकी पहचान छिपाने के लिये उसका नंबर प्लेट तोड़ देते थे। उनके द्वारा ये बाइक चोरी कर यहां झाड़ियों में छिपाई गई थीं जिन्हें आज रात बाहर बेचने की योजना थी। गिरफ्तार बाइक चोर विकास कुमार पुत्र गेंदालाल, गौरव कुमार पुत्र विजयपाल सिंह निवासी नवलपुर चैकी गढ़ीनेगी थाना कुंडा व प्रमोद कुमार उर्फ रितिक पुत्र स्व. ओमप्रकाश निवासी सकटपुरा थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद बताये गये हैं, जिनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज रतूूड़ी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा, उपनिरीक्षक नवीन बुधानी, धीरेन्द्र परिहार, अशोक काण्डपाल, मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रंजीत प्रसाद, कांस्टेबल प्रेम कनवाल, ईश्वर सिंह, गिरीश मठपाल, गौरव सनवाल व सुरेन्द्र सिंह थे।
