जीएसटी को लेकर व्यापार मंडल और राजस्व कर विभाग के अधिकारियों के साथ हुई व्यापारियों की बैठक
-महापौर दीपक बाली के प्रयास से हुर्ह बैठक

काशीपुर। नगर व क्षेत्र में प्रतिष्ठानों पर राजस्व कर विभाग द्वारा की जा रही जीएसटी संबंधी सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों के बीच उपजे असंतोष के बाद अब मामले में संवाद और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। मेयर दीपक बाली की पहल पर नगर निगम सभागार स्थित उनके कार्यालय में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा राजस्व कर विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुमाऊं प्रभारी व्यापार मंडल अश्विनी छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। वहीं राजस्व कर विभाग की ओर से डिप्टी कमिश्नर वीर सिंह तथा असिस्टेंट कमिश्नर मितेश्वरानंद सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जीएसटी से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं, टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट तथा सर्वे की कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मेयर दीपक बाली ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच किसी भी प्रकार की गलतफहमी या भय का वातावरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि जिन प्रतिष्ठानों में जीएसटी संबंधी किसी प्रकार की विसंगति दिखाई दे रही है, वहां सीधे सर्वे करने के बजाय संबंधित फर्म स्वामी को पहले कार्यालय में बुलाकर स्थिति स्पष्ट की जाए तथा उसे अपनी बुक्स और टैक्स संबंधी कमियों को सुधारने का अवसर दिया जाए। इसी उद्देश्य से व्यापारियों के लिए जल्द एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में गुरविंदर सिंह चंडोक, अशोक कुमार, अनुराग मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, शिवम टंडन, राजीव परनामी, पुष्प अग्रवाल, दीपक कुमार, हितेश कुमार, राजीव, शुभम, आलोक अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, गौरव पैगिया व शुभम अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारियों ने भाग लिया।
