केडीएफ ने किया महापौर दीपक बाली का अभिनंदन

काशीपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति द्वारा काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की उपलब्धि पर काशीपुर गौरव अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
द्रोणासागर में आयोजित समारोह में केडीएफ और रोटरी क्लब आॅफ काशीपुर की ओर से महापौर दीपक बाली का अभिनंदन कर शहर की इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर को मिली पहचान पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान नगर निगम के प्रयासों के साथ ही शहरवासियों, सफाई कर्मियों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंध निदेशक देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि काशीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में शहर को मिली यह उपलब्धि अभिनंदन योग्य है। उन्होंने कहा कि शहर की इस उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाने और इसमें योगदान देने वाले सभी लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजय जिंदल, डा. एसपी गुप्ता, डा. बीएम गोयल, चक्रेश जैन, शरद गोयल समेत केडीएफ, रोटरी क्लब आॅफ काशीपुर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
