-एक बच्चा और एक पुरूष का अस्पताल में चल रहा इजाल, हालत गंभीर
-मृतकों में तीन पुरूष, तीन महिला और एक बच्चा शामिल
-नींद की झपकी या यमुना एक्सप्रेस वे की सड़क में हुए गड्ढे से बचाने में हुआ हादसा
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार की सुबह हुए भीषण सडक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई जबकि परिवार के दो सदस्य अस्पताल में जिंदगी के लिए मौत से लड रहे हैं। हादसा शनिवार की सुबह हुआ। हादसे की पीछे यमुना एक्सप्रेस वे की आगरा नोएडा लेन पर बने गड्ढे अथवा सुबह के समय कार के चालक को आई झपकी को जिम्मेदार माना जा रहा है। हादसे पर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का ट्वीट आने के बाद प्रशासन में हडकंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार सवार सभ मृतक और घायल मूलरूप से जनपद हरदोई के थाना संडीला क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले थे। वर्तमान में नोएडा के सदकपुर इलाके में रह रहे थे और शादी समारोह में शामिल होने के लिए हरदोई आए थे। यहां से वैगन आर कार से वापस लौट रहे थे, इसी बीच कार यमुना एक्सप्रेस वे पर नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 68 के करीब दुर्घटना ग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। नंबर यूपी 16 डीपी 9872 नम्बर की वैगन आर कार में लल्लू और उनकी पत्नी छुटकी सहित दो बेटे राजेश और संजय, दो बहू निशा और नंदनी और छह साल के पोते धीरज की मौत हो गई। लल्लू का एक बेटा श्रीगोपाल और तीप साल का पोता कृष गंभीर घायल है। मृतकों में बुजुर्ग दंपति, उनके दो बेटे, दोनों पुत्रवधु और छह साल का पोता है। वहीं मृतक बुजुर्ग दंपति का एक बेटा और तीन साल का एक पोता गंभीर घायल है। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में परिवार के 9 लोग सवार थे। जिनमें से सात की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। हादसे में मृत राजेश और नंदनी की सप्ताहभर पहले 29 अप्रैल को शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से चल रही वैगन आर गाड़ी आगे चल रहे किसी वाहन से से टकरा गइ जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस जब पहुंची तो मौके पर और कोई दूसरा वाहन नहीं था। हादसा इतना भयानक था कि हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को एक्सप्रेस वे से हटवाया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात श्रीश चंद्र, एसपी सिटी एमपी सिंह, सीओ महावन रविकांत पाराशर, एसडीएम मांट इन्द्र नन्दन सिंह व इंस्पेक्टर प्रदीप यादव पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।
कार को कटर से काटना पडा तब निकाले शव और घायल
पुलिस ने बताया कि सुबह एक वाहन चालक ने डायल 112 को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। टक्कर में कार का अगला हिस्सा पिचक गया था। ऐसे में कटर से कार को काटकर घायलों को निकाला गया। इस मशक्कत में काफी देर तक घायल कार में ही फंसे रहे। पुलिस पहले सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील ले गई, जहां सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को हालत गंभीर होने पर उनको हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
प्रधानमंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदना
उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई सडक दुर्घटन हद्यविदारक है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री ने भी किया घटना पर ट्वीट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुरूखद है।अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा घायलों के उपचार हेतु निर्देश दिये गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
वर्जन
थाना नौहझील क्षेत्राअंतर्गत यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 68 के निकट एक वैगन आर वाहन वैगन आर वाहन यूपी 16 डीपी 9872 का एक अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया। जिसमें वैगन आर में सवार तीन पुरूष, तीन महिलाएं और एक बच्चे की मौत हो गई है। एक पुरूष और एक बच्चा घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह वाहन संडीला हरदोई से नोएडा की ओर एक वैवाहिक समारोह में जा रहा था। इस प्रकरण में जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाही की जा रही है।
-श्रीश चंद, एसपी देहात
