स्वच्छ भारत मिशन के तहत दीनदयाल पार्क में चलाया सफाई अभियान
-समिति गठित कर की जाये पार्क की देखभाल: मेयर बाली

काशीपुर। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम काशीपुर द्वारा आज आवास विकास स्थित दीन दयाल पार्क में सफ़ाई एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
इस अभियान में महापौर दीपक बाली, नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ, सीनियर सिटीजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान महापौर ने कहा कि वार्ड स्तर पर पार्षद के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों एवं स्वच्छता व प्रकृति संरक्षण में रुचि रखने वाले स्वयंसेवकों की एक समिति गठित की जाए, जो पार्क की देखभाल एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करे। पार्षद पुष्कर सिंह बिष्ट ने अपील की कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण किया जाए और पौधों की देखभाल बच्चे की तरह की जाए। इस अवसर पर विनोद लाल ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम एवं स्वच्छ भारत मिशन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, सफाई निरीक्षक योगेश बिश्नोई, भगवान दास, जेपी अग्रवाल, कृष्ण कुमार छाबड़ा, एसपी त्यागी, अश्वनी शर्मा, अनिल शर्मा, अमित मनचंदा, विनोद पंत सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
