काशीपुर। सफाई एवं पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग करते हुए वार्ड-24 थानासाबिक-पंजाबी सराय के वाशिंदों ने नगर निगम महापौर ऊषा चौधरी को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि वे नगर निगम को लगभग सभी तरह के टैक्स पे करते हैं। निकाय चुनाव के दौरान उनके द्वारा मतदान भी किया जाता है, लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि चुनाव के बाद वार्ड की समस्याओं का निवारण करने में नगर निगम प्रशासन द्वारा कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जाती। वर्तमान में वार्ड-24 में सफाई व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सफाई के हालात बयां कर रहे हैं। इसी वार्ड के आधे हिस्से में पथ प्रकाश व्यवस्था बदहाल है। ज्ञापन में कहा गया कि इस हेतु कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। ज्ञापन में समस्या का तत्काल निवारण न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। इस दौरान मौ. शहजाद अंसारी, मौ. हनीफ, संजीव कुमार, विवेक, नूर मौहम्मद, मौहम्मद अनस, आसिम व शानू आदि मौजूद रहे।