काशीपुर। अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों की मौत हो गयी, जिसमें एक युवक की मौत एक फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई तो दूसरे युवक की मौत पेड़ काटते समय पेड़ उसके ऊपर गिरने से तथा तीसरे युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानावाला टांडा निवासी 30 वर्षीय कावेन्दर पुत्र मेहर सिंह मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री प्रबंधन ने उसके परिजनों को रविवार शाम फोन पर बताया कि कावेन्दर की फैक्ट्री के अंदर ही संदिग्ध मौत हो गई है। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा कावेन्दर को सरकारी अस्पताल लाया गया जहां पर उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर पुलिस ने बताया कि कविंद्र की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। उधर दूसरी घटना में जसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर वन निवासी 36 वर्षीय आदेश कुमार पुत्र लीला सिंह सोमवार सुबह ग्राम हजीरो फार्म में पेड़ काट रहा था कि अचानक पेड़ कटने के बाद उसके ऊपर गिर गया, जिससे आदेश पेड़ के नीचे दब गया। गंभीर अवस्था में उसे जसपुर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर काशीपुर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं जसपुर क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर निवासी 20 वर्षीय गौरव पुत्र वीरेंद्र सिंह ने कल शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरव द्वारा की गई आत्महत्या का कारण अभी तक ज्ञात नहीं हो सका है।
