रसोई गैस की किल्लत से जनता परेशान: अलका पाल

काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि रसोई गैस की किल्लत और बढ़ते दामों ने आम जनता को मुश्किल में डाल दिया है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस की किल्लत को सरकार नियंत्रित करने में असफल हो रही है, जिससे हर परिवार का बजट पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है, लेकिन केंद्र और राज्य की सरकार असंवेदनशील बनी हुई है। अलका पाल ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। रसोई गैस की बढ़ती कीमतें लगातार परिवार का बजट बिगाड़ रही है। अलका पाल ने कहा कि प्रदेश और देश के अंदर जनता असमंजस की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि सरकार को देश और प्रदेश की जनता को बताना होगा कि उत्तराखंड सहित किसी भी हिस्से में रसोई गैस व पेट्रोल, डीजल की कोई कमी नहीं है। कहीं ऐसा न हो कि खनन और भूमाफियाओं की तरह पेट्रोल और डीजल माफिया भी प्रदेश में सक्रिय हो जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक विरोध करती रहेगी।
