
काशीपुर। धनौरी क्षेत्र में पचास वर्षीय मुन्नी देवी की गला दबाकर हत्या किये जाने का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। इस मामले में पुलिस दर्जनभर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि हत्या की आशंका जताये जाने के बाद भी समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं सौंपी गयी है।
सोमवार को प्रतापपुर चौकी क्षेत्र के धनौरी गांव स्थित आम के बाग में एक पेड़ पर लोगों ने एक महिला का शव लटका हुआ देखा। प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर घटना की जानकारी ली। शव की शिनाख्त 50 वर्षीय मुन्नी देवी के रूप में की। सूचना मिलने पर महिला का बेटा भी मोर्चरी पहुंच गया। परिजनों ने शव के शरीर पर चोट के निशान बताते हुए हत्या की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम का दो डॉक्टरों के पैनल से कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटकर और फंदे से लटका कर मौत होना सामने आया है। गले की हड्डी भी टूटी हुई है। मामले में पुलिस अपने स्तर से छानबीन करते हुए दर्जनभर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
