Aaj Ki Kiran

महिला अभिकर्ता के ढाई लाख रूपये चोरी करने वाले दो युवक गिरफ्तार

Spread the love



काशीपुर। डाकखाने में पैसे जमा करने गई महिला अभिकर्ता के 2.50 लाख रुपये उड़ा ले जाने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों जसपुर के रहने वाले हैं।
विदित हो कि मोहल्लागंज निवासी रजनी सिंघल पत्नी मानकृष्ण सिंघल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि वह डाकघर में अभिकर्ता है। 29 अगस्त को वह लोगों से एफडी के लिए दिए गए 2.50 लाख रुपये जमा कराने मुख्य बाजार स्थित डाकखाने गई थी। उसने रुपयों से भरा बैग काउंटर पर रख दिया और कुछ अन्य काम में लग गई। कुछ देर बाद जब महिला अभिकर्ता ने देखा तो काउंटर से उसका बैग गायब था। बताया जा रहा है कि लाइन में खड़ा एक युवक अचानक लाइन से हट गया और बैग लेकर गायब हो गया। काफी देर तक पता करने के बाद भी उस युवक का कहीं कोई पता नही चला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी। आज एसपी काशीपुर अभय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले में मौहल्ला जुलाहान जसपुर निवासी फरियाद हुसैन तथा मौहल्ला चौहान पट्टी जसपुर निवासी जमशेद पुत्र मौहम्मद हनीफ को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया है। फरियाद के कब्जे से 20 हजार रूपये जबकि जमशेद के कब्जे से 80 हजार रूपये बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक पुलिस ने कब्जे में ली है। इनके पास से बैंक पासबुक तथा वादी की आईडी और लाट लिस्ट भी मिली है। टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई चित्रगुप्त, सुनील सुतेड़ी, दीपक जोशी, हेड कां. अनिल मनराल, कां. अनिल आगरी, जगदीश भट्ट, कैलाश चन्द्र, सुरेन्द्र सिंह अमरदीप थे। उधर पुलिस द्वारा किये जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए श्री अग्रवाल सभा समिति द्वारा कोतवाली में पहुंचकर पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, महामंत्री अभिषेक गोयल, आय व्यय निरीक्षक सनत कुमार पैगिया एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *