महाराणा प्रताप चौक पर राष्ट्रीय तिरंगे के बिना सूना पड़ा पोल

काशीपुर। महाराणा प्रताप चौक पर हमारे देश की शान राष्ट्रीय तिरंगा लगाया था, जिसे देखकर हर नगरवासी अपने आपको गौरवान्वित महसूस करता था। अब काफी समय से वह राष्ट्रीय तिरंगा वहां पर नहीं है, जिससे लोगों को काफी निराशा हो रही है। विदित हो कि कई वर्ष पूर्व महाराणा प्रताप चौक पर नगर निगम द्वारा पोल पर राष्ट्रीय तिरंगा लगाया गया था जो पिछले वर्ष तेज़ आंधी एवं तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। जिस कारण वह राष्ट्रीय ध्वज उतार दिया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि 26 जनवरी को वहां फिर से राष्ट्रीय तिरंगा लगाया जायेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अभी तक भी उक्त पोल पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया गया है। जिससे नगर की छवि धूमिल हो रही है। हालांकि यह राष्ट्रीय ध्वज लगाने को लेकर कई बार सोशल मीडिया पर भी मांग उठती रहती है लेकिन उसका भी कोई असर नहीं हुआ। नगर के लोगों ने नगर निगम के जनप्रतिनिधियों /नगर निगम से उक्त खाली पड़े पोल पर तिरंगा लगाने की मांग की है।
