महापौर दीपक बाली ने स्वच्छता चौपाल लगाकर जनता से मांगा सफाई के प्रति सहयोग
महापौर बोले-जागरूक नागरिकों को हाउस टैक्स में मिलेगी छूट

काशीपुर। शहर को साफ स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए महापौर दीपक बाली ने एक अनूठी पहल शुरू करते हुए आवास विकास स्थित अग्रसेन पार्क में स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया। इस अवसर पर नए स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ किया गया कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने नागरिकों के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था की चर्चा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार और भागीदार बनाना भी रहा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
महापौर ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद के चलते काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। इसके प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना है। स्वच्छता चौपाल में महापौर ने नागरिकों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि जो परिवार घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र दिया जाएगाऔर जो परिवार एक महीने में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे उन्हें हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी। कार्यक्रम में नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए मनोरंजक खेल और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। देखभाल का संकल्प और शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलायी गयी। महापौर ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि शहर के लगभग 40 पार्कों के विकास का प्रोजेक्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा गया है। आवास विकास केइस पार्क को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय औद्योगिक संस्था पशुपति लैमिनेटर के सहयोग से शानदार बनाया जाएगा। महापौर ने बताया कि 15 अगस्त को नगर निगम परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद सुबह 11.30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी जो पुराने बाजार से होते हुए अल्ली खां चौक तक जाएगी, जहां लगभग 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के कार्यक्रम में नागरिकों के साथ सहभागिता की जाएगी। इस मौके पर मुख्य नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, एसआई गणेश ध्यानी, एसआई इकबालर्, समेत सैंकड़ो गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
