भुविक भट्ट ने चैलेंजर प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

हल्द्वानी। मेहरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 19वीं यूनिवर्सल चैलेंजर प्रतियोगिता में ट्रॉफी व स्वर्ण पदक जीत कर नगर के रेहड़ निवासी भुविक भट्ट ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भुविक भट्ट, पुत्र यतेंद्र भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भुविक भट्ट की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। भुविक भट्ट के पिता यतेंद्र भट्ट ने बताया कि भुविक भट्ट वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों के खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
