भाजपा सरकार में हो रहा युवाओं के भविष्य से खिलबाड़

काशीपुर। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश में भर्ती परीक्षाओं और नौकरी के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि उन संवैधानिक और वैधानिक संस्थाओं के राजनीतिक दुरुपयोग का परिणाम है, जिन पर युवाओं का भविष्य टिका है।
अलका पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं के भविष्य से निरंतर खिलवाड़ हो रहा है। देश और प्रदेश के मुखिया कान में रुई डाल कर बैठे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और उसके नेताओं को केवल सत्ता हथियाने की भूख लगी है, देश के युवाओ के साथ हो रहा यह धोखा देश का भविष्य खराब कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है। लगातार हो रहे पेपर लीक ने युवाओं का सरकार पर से विश्वास तोड़ा है और पूरी व्यवस्था पर एक सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब समय जवाबदेही और पारदर्शिता का है, न कि केवल खोखले दावों का।
