फैक्ट्री चौकीदार की हत्या का खुलासा, एक गिरफ्तार

पुलिस गिरफ्त में आरोपी व खुलासा करते सीओ
काशीपुर। आईटीआई कोतवाली पुलिस द्वारा महुआखेडागंज स्थित फैक्ट्री में हुई हत्या मामले का खुलासा कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना का खुलासा करते हुए सीओ ने बताया कि बीती 28 दिसंबर कोतवाली आईटीआई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि महुआखेडागंज स्थित टोसा इन्टरनेशनल प्रा. लि. फैक्ट्री में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर गई तो उक्त कम्पनी जो बन्द पड़ी थी तथा फैक्ट्री के गेट के अन्दर लगभग 54 वर्षीय एक व्यक्ति का शव पड़ा था, जिसकी पहचान कर्मवीर पुत्र रंजीत सिंह निवासी सैदरपुर थाना औरंगाबाद जिला बुलंदशहर ;उ.प्र.द्ध के रूप में हुई। वह उक्त फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर काम करता था। फैक्ट्री में उसके साथ अप्रान्त पुत्र योगेन्द्र निवासी उपरोक्त भी कार्य करता था जो घटना के बाद मौके पर अपना मोबाईल फोन छोड़कर फरार हो गया था। उसी दिन मृतक के पुत्र रिंकू कुमार की तहरीर के आधार पर कोतवाली आईटीआई में धारा 103;1द्ध बीएनएस के अंतर्गत अप्रान्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया गया व टीम गठित कर बुलंदशहर रवाना की गई। वृहस्पतिवार को अप्रान्त को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह नशा करने का आदी है। कर्मवीर सिंह रिश्ते में उसके चाचा लगते हैं। करीब एक महीना पूर्व कर्मवीर उसे अपने साथ फैक्ट्री की चौकीदारी करने के लिये महुआखेड़ा लाये थे। वह दोनों गेट के पास बने एक कमरे में रहते थेे। 27 दिसंबर की शाम उन दोनों ने मिलकर खाना बनाया। खाना खाने से पहले दोनों ने शराब और एक चिलम गांजा भी पिया था। अप्रान्त ने बताया कि रात करीब सात साढ़े सात बजे करीब कर्मवीर सिंह उससे गलत हरकत करने हेतु जबरदस्ती करने का प्रयास किया वह कमरे से बाहर आ गया तो वह भी बाहर आ गया, तब अप्रान्त ने उसका जोर से गला पकड़ लिया और काफी जोर से दबाये रखा, वह गिर गया। फिर पास की क्यारी से एक ईंट उठायी और कर्मवीर को मारी तो वह उसकी ठोड़ी पर लगी, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। अभियुक्त को मेडिकल परीक्षण के उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में कुन्दन सिह रौतेला प्रभारी कोतवाली आईटीआई, उपनिरीक्षक पुष्कर दत्त भट्ट, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कां. योगेश पाण्डे, योगेश चौधरी, राजेश भट्ट, दीपक प्रसाद, दिनेश तिवारी, दीपक जोशी थे।
