नियमों के विरु( चल रहे दो मदरसे सील

काशीपुर। उत्तराखंड में नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे मदरसों के खिलाफ चल रही कार्यवाही के क्रम में काशीपुर में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो मदरसों को सील कर दिया।
कार्यवाही अल्पसंख्यक विभाग, तहसीलदार पंकज चंदोला, कोतवाल हरेन्द्र चौधरी और पुलिस की टीम की मौजूदगी में की गई। जिन दो मदरसों के खिलाफ कार्यवाही की गई है, उनमें मोहम्मद हनीफ सिद्दीकी मुस्लिम पूर्व माध्यमिक विद्यालय, विजयनगर तथा जामिया अरबिया उलूम, काजीबाग शामिल हैं। तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया दोनों संस्थानों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया था। इसके बाद नियमानुसार कार्यवाही करते हुए दोनों मदरसों को सील कर दिया गया। बताया गया कि कार्यवाही से पहले संबंधित संस्थानों को नोटिस भी दिए गए थे। नोटिस के माध्यम से संस्थानों के संचालन से संबंधित आवश्यक नियमों और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रशासन ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्यवाही को उत्तराखंड में अनियमित रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। काशीपुर में एक ही दिन दो मदरसों पर हुई कार्यवाही के बाद क्षेत्र में भी इसकी चर्चा रही। प्रशासन का कहना है कि नियमों के अनुसार संस्थानों का संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है और जांच के दौरान यदि किसी संस्था में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल दोनों मदरसों को सील किए जाने के बाद प्रशासन की कार्यवाही को लेकर स्थानीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्यवाही जारी रह सकती है।
