Aaj Ki Kiran

दो बाइक चोर गिरफ्तार, तीन बाइकें बरामद

Spread the love



काशीपुर। एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली के विभिन्न इलाकों से चुराई गई तीन मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। बरामद तीनों ही मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेटें लगी पाई गई।
एसएसपी के निर्देश पर एसओजी टीम अपराधियों की धरपकड़ को लेकर क्षेत्र में गश्त पर थी इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना क्षेत्र से दो संदिग्ध युवकों को बाइक पर जाते हुए एसओजी टीम ने धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान मोहल्ला अल्ली खां निवासी जुनेद पुत्र अब्दुल वहीद तथा गंगे बाबा रोड काशीपुर निवासी जामिन फैसद उर्फ अमन पुत्र फैशद मसूद उर्फ हकीम बताया। पकड़े गये बाइक चोरों ने बताया कि उनके द्वारा दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से तीन मोटरसाइकिल चुराई गई। एसओजी टीम ने पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर चुराई गई मोटरसाइकिलें बरामद कर ली। चोरों ने बताया कि वारदात अंजाम देने के बाद असल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे ताकि कोई उन पर शक न करें। गिरफ्तार बाइक चोरों को पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। बताया गया कि चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया जामिन फैसद दिल्ली में नौकरी करता था। बताया गया कि नौकरी की आड़ में जामिन हारून नामक एक अन्य साथी की मदद से बाइक चोरी करता था। इसके बाद बाइक के असल नंबर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे दिल्ली से काशीपुर पहुंचाने का काम किया जाता था। चोरी की बाइक काशीपुर आने पर जुनेद उसे ठिकाने लगाने का काम करता था। फिलहाल बाइक चोरों के पकड़े जाने के बाद काशीपुर पुलिस दिल्ली पुलिस से संपर्क कर पकड़े गए चोरों की कुंडली खंगालने में जुटी है। कार्यवाही करने वाली एसओजी टीम में प्रभारी ललित बिष्ट के अलावा एसओजी के कांस्टेबल विनय कुमार, कैलाश तोमक्याल, दीपक कठैत, प्रदीप कुमार, राजेश भट्ट व दीवान बोरा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *