
-तीसरी बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। इससे उसके दो जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। लोगों ने महिला को जिंदा बाहर निकाल लिया। तीसरी बच्ची की तलाश जारी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगहुआ निवासी छोटेलाल प्रजापति की बेटी अंतिमा (32) की शादी पांच साल पहले सतीश से हुई थी। वह मुंबई में काम करता है। 15 दिन पहले ही अंतिमा ससुराल से आई थी। वह अपने घर से बेटी त्रिशा(4) और जुड़वां बेटे अतुल और अनुज को लेकर घर से निकली। कुछ दूर स्थित कुएं पर पहुंची और बेटी को धकेल दिया और दोनों बेटों को लेकर कुएं में कूद गई। पास में घास काट रहे छोटे लाल प्रजापति ने कुएं में कुछ गिरने की आवाज सुनी तो दौड़ पड़े। लोगों ने अंतिमा को बाहर निकाला। इसके बाद कुएं में देखा तो जुड़वां बेटों के शव पानी में उतराए थे। बेटी की तलाश की जा रही है। परिजनों के मुताबिक अंतिमा की दिमागी हालत ठीक नहीं है। दो साल से उसका इलाज जौनपुर के एक अस्पताल से चल रहा है। बताया जा रहा है कि कुएं में गिरने के बाद अंतिमा अपने बच्चों को पानी में खोजने का प्रयास भी कर रही थी। जब गांव के लोग उसे बाहर निकाल रहे थे तो वह अपने बच्चों के लिए परेशान थी, और उन्हें चीखते हुए खोज रही थी। मामले में सीओ मछलीशहर अतर सिंह ने बताया कि दो मासूम जुड़वा बच्चे की मौत हो चुकी है। जबकि महिला को बाहर निकालकर
अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि 4 वर्षीय बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।