छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास, परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप

काशीपुर। कुंडा क्षेत्र के ग्राम सरवरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी भांजी के साथ हुई छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्रधान पति द्वारा लगातार समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसके परिवार पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार उसकी भांजी के साथ पूर्व में छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसकी जांच वर्तमान में प्रचलित है। अ
तहरीर में कहा गया है कि 13 जून की शाम प्रधान पति अपने परिजनों के साथ उनके घर पहुंचे और तत्काल समझौता करने का दबाव बनाने लगे। जब परिवार ने बिना पंचायत और अपने पक्ष के लोगों की मौजूदगी के कोई फैसला करने से इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद बड़ी संख्या में लोग हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान प्रधान पति के परिवार के लोगों ने मोइनुद्दीन, वाजिद अली, आदिल, सुभान अली, फिरदोसी, अप्सरी सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर तथा कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए काशीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह हमला उनकी भांजी के मामले में जबरन समझौता कराने और परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से किया गया। पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
