Aaj Ki Kiran

गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने से घर में लगी आग

Spread the love

गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने से घर में लगी आग

 

गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने से घर में लगी आग
गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने से घर में लगी आग

काशीपुर। ईद पर मेहमानों के खाना तैयार करते समय अचानक गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फट गया और घर में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम इस्लामनगर बसई निवासी फरते अली पुत्र अमीर हम्जा के घर ईद के मौके पर मेहमान आए हुए थे और इनके लिए रसोई में खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर पर लगा रेगुलेटर फट गया, तथा सिलेण्डर की गैस तेजी से लीक होने लगी और उससे आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी, रेत और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की। आग की चपेट में आने से मकान की दूसरी मंजिल को भारी नुकसान पहुंचा। छत का प्लास्टर, दीवारों की पुट्टी-पेंट, टाइल्स, बिजली फिटिंग और खिड़कियों के शीशे तक टूट गए। हादसे के दौरान इशरत अली पुत्र अमीर हम्जा आग की लपटों से झुलस गए। बताया गया कि उन्होंने ऊपर रखे गैस सिलेंडर को भीगी बोरियों और कंबलों की मदद से सीढ़ियों के रास्ते नीचे लाकर बड़ा खतरा टाल दिया, इसी दौरान वे झुलस गए। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन जब तक अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा, तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। बाद में फायर विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित फरते अली के अनुसार इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।