कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट

देहरादून। उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं हाउस ऑफ हिमालयस के उत्पाद भेंट किए।
मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री को देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन का आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में मौसमी फलों के अधिक उत्पादन को देखते हुए नई दिल्ली में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। जिस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री को महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे “हाउस ऑफ हिमालयस” उत्पादों, राज्य के पर्वतीय हस्तशिल्प, जैविक वस्तुओं और सुगंध पौध केन्द्र के उत्पादों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तराखण्ड सरकार के महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन हेतु किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की और मंत्री गणेश जोशी को शुभकामनाएं दीं।
