कालोनी में तेंदुआ आने से लोगों में दहशत

काशीपुर। मानपुर रोड पर एक बार फिर गत रात में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गयी है। पहले भी यहां तेंदुए देखे जाने से लोगों में दहशत थी। इसके बाद वन विभाग द्वारा लगाये गये पिंजरे में तेदुए के फंस जाने से लोगों ने राहत की सांस ली थी।
मानपुर रोड पर स्थित नमोघर कालोनी के पास मंगलवार की रात लगभग सवा बजे एक तेंदुआ चहल-कदमी करता घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। तेंदुआ घर के बाहर खड़ी कार के पास आकर रूका और फिर आगे की ओर चला गया। तेंदुए की दस्तक से फिर से लोगों में दहशत फैल गयी है। वहां के निवासियों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। इससे पूर्व यहां द्रोणासागर के पास टीले पर भी तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत थी। अभी तीन-चार दिन पहले ही वह तेंदुआ पिंजरे में फंसा था, जिससे वहां के लोगों ने राहत की सांस ली। अब मानपुर रोड के लोगों में तेंदुए को लेकर दहशत है।