चित्रकूट । जिला मुख्यालय में एक छात्र ने गमछे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं, दूसरी ओर बीमारी से तंग आकर महिला ने खुदकुशी कर ली। खेत में बकरी चराने गए बालक का फांसी से लटकता शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मामला कोतवाली क्षेत्र के बनाड़ी गांव का है। बताते हैं कि गांव के मुन्ना का 13 वर्षीय पुत्र आकाश स्कूल से आने के बाद अपरान्ह करीब तीन बजे बकरी लेकर खेत गया था। देर शाम तक वापस नहीं आया। बकरी के आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तेंदू के पेड़ पर गमछे के फंदे से शव लटकता देखा तो होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। दो भाई, दो बहन में मृतक छोटा था। मां सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक कक्षा सात का छात्र था। वहीं जिला मुख्यालय के स्टेशन रोड़ की संगीता (45) पत्नी राजेन्द्र गुप्ता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। घटना से परिवार में शोक छा गया। मृतका के परिजनों ने बताया कि बीमारी से तंग आकर खुदकुशी की है। इन दोनों मामले में कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत होती है। अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद पूरा मामला साफ हो जाएगा।