-दोनों सजातीय थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था
चूरू। चूरू जिले के सांडवा इलाके में प्रेम प्रसंग के कारण एक विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से दोनों के शवों को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दोनों ही सजातीय थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। पता चला है कि विवाहिता की शादी आटा साटा प्रथा से हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विवाहिता की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी। उसकी शादी चार साल पहले लालगढ़ के श्रवणराम के साथ की गई थी। शादी के कुछ समय बाद ही वह अपने पीहर सांडव आ गई थी। वहां उसकी पहचान कॉस्मेटिक सामान का ठेला लगाने वाले मंगतूराम से हुई। उसके बाद दोनों में प्रेम हो गया था।
सांडवा थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार पोल ने बताया कि सांडवा निवासी विवाहिता के पिता की ओर से इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। थानाधिकारी ने बताया कि सांडवा निवासी मंगतूराम मेघवाल का विवाहिता से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मंगतूराम के घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना के समय युवक के घर में कोई नहीं था। उसके परिजन खेत में रहते हैं। युवक घर में अकेला रहता था। घटना की सूचना मिलने पर सांडवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को फंदे से उतरवाकर स्थानीय राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस घटना से ग्रामीण सकते में आ गये। अस्पताल में काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर बीदासर एसडीएम श्योराम वर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनको परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घटना की रात को विवाहिता के परिवार के लोग खाना खाकर सो गए थे। उसके बाद वह घर से गायब हो गई। रात के समय किसी ने उठकर देखा तो वह घर में नहीं मिली। इस पर उसकी तलाश की गई। शक होने पर परिवार के लोग मंगतूराम के घर गए। वहां घर के आगे उसकी बाइक खड़ी थी। विवाहिता के परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। लेकिन साइड की खिड़की से देखने पर दोनों अंदर फांसी के फंदे पर लटकते मिले। विवाहिता के पिता खेतीबाड़ी का काम करते हैं।