रुद्रपुर,। जिले में मौजूदा समय में 260626 सफेद कार्ड धारक हैं। जिनको मौजूदा समय में राशन दिलवाया जा रहा है। कुछ ऐसे लोग भी थे जो जरूरतमंद थे और उनका राशन कार्ड नहीं बना था। संदेह होने पर विभाग ने सफेद कार्ड धारकों की जांच शुरू कर दी थी। जांच में पता चला कई संपन्न लोगों ने फर्जी सफेद कार्ड बनवा लिए हैं और लंबे समय से मुफ्त का राशन पा रहे हैं। इस मामले में अब बताया गया कि अपात्र लोगों के नाम काटने शुरू कर दिए गए हैं और पात्र लोगों को जोडऩे के लिए सूची मांगी गई है।
रुद्रपुर में काफी समय से फर्जीवाड़ा चल रहा था। रोजाना जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह के पास सफेद राशन कार्ड बनवाने के लिए लोग आ रहे हैं। लेकिन कैपेसिटी न होने के चलते उनके सफेद कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। अधिकारी के पास इससे पहले कई बार फर्जी कार्ड बनाने की शिकायतें आ चुकी थीं। जिस पर सबसे पहले रुद्रपुर में अधिकारियों के निर्देश के बाद जांच शुरू की गई थी। इस दौरान टीम ने रुद्रपुर में कार्ड धारकों की जांच की तो पता चला कि यहां पर 307 लोग जो बड़े घरों से ताल्लुक रखते हैं उनका नाम लिस्ट में शामिल है। ऐसे में विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसे लोगों के नाम चिह्नित कर इनको नोटिस भेजने के लिए कहा था। जिसके बाद सभी 307 लोगों को नोटिस दिया गया था। अब इस मामले में नए सिरे से छूटे पात्रों की सूची तैयार की जा रही है। वहीं अभी तक 15-16 लोगों के नाम कट चुके हैं। जल्द ही पात्रों के नाम सूचीबद्व तरीके से ऑनलाइन चढ़ा दिए जाएंगे।
सभी 307 अपात्रों के नाम काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे पहले सभी को नोटिस भी दिए जा चुके थे। अब पात्र लोगों को सूचीबद्व किया जा रहा है जो भी छूटे हुए हैं उनको सफेद कार्ड में दर्ज कराया जा सकेगा। जल्द ही सभी पात्र लोगों को इसका लाभ मिलेगा। -तेजबल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, ऊधमसिंहनगर