आईटीआई क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर लगाया छत से फेंक कर हत्या का आरोप

मृतक महिला का फाइल फोटो
काशीपुर। आईटीआई कोतवाली अंतर्गत कुंडेश्वरा क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतका के भाई ने बहनौई पर प्रताड़ित करने और तीन मंजिल छत से नीचे फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने हेतु शव को कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
ठाकुरद्वारा निवासी मृतका के भाई विपुल ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उसकी बहन रूबी सिंह की शादी 13 वर्ष पूर्व डिलारी मुरादाबाद निवासी शिशुपाल के साथ हुई थी। उनका चार साल का बेटा तन्मय सिंह है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति आए दिन रूबी के साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इससे पहले भी आरोपी कई बार गला घोंटने की कोशिश कर चुका था। मृतका रूबी सिंह अपने पति शिशुपाल के साथ आईटीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुंडेश्वरा में किराए के मकान पर रहती थी तथा उसका पति मेहनत मजदूरी करता है। उधर मृतका के भाई विपुल ने यह भी बताया कि वह शराब पीने का आदी है तथा शराब पीकर आए दिन वह रूबी सिंह के साथ मारपीट करता था।
