महापौर ने अधिकारियों के साथ किया निर्माणाधीन लक्ष्मीपुर माइनर का निरीक्षण

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर माइनर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं का जायजा लिया और सिंचाई विभाग, यूपीसीएल, नगर निगम तथा निर्माण संस्था के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य में आ रही समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।
महापौर ने बताया कि वर्षा )तु के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद विकास कार्यों को दोबारा गति दी जा रही है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर का लगभग आधा हिस्सा पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि कुछ काम शेष है। निर्माण संस्था की ओर से बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर सहित अन्य तकनीकी और स्थानीय बाधाओं की जानकारी दी गई थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और निर्माण संस्था के इंजीनियरों की मौजूदगी में इन समस्याओं के समाधान पर सहमति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अब उम्मीद है कि कल या परसों से लक्ष्मीपुर माइनर के शेष हिस्से में काम शुरू हो जाएगा। नहर के ऊपर बने मकानों और अस्थायी निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया है कि किसी के स्थायी निर्माण को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहीं है। जहां लोगों ने अस्थायी तौर पर जाल, लोहे की सीढ़ी या अन्य सामान लगाकर नहर को ढका हुआ है, उनसे स्वयं इन्हें हटाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा, लेकिन किसी का स्थायी निर्माण तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। महापौर ने कहा कि काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में अब गंदे पानी को सीधे ढेला नदी में जाने से रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की गई है। इस दौरान नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, शशांक गहतोड़ी, एक्सन सिंचाई ऐके गुप्ता, एक्सन यूपीसीएल अजित कुमार, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, एसडीओ यूपीसीएल महक मिश्रा, ऐई सिंचाई केशव सिंह, जेई राजू, पार्षद अब्दुल कादिर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, नामित पार्षद दुर्गेश गुप्ता, सुमित प्रजापति, एडवोकेट अशरफ सैफी, पिंटू सैनी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
