
काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाऔर समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
काशीपुर के भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में काशीपुर जिला अध्यक्ष मनोज पाल ने बताया कि सबसे पहले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची राज्य सरकार द्वारा बूथ मेंबर्स को पहुंचाई जाएगी तथा 17 सितंबर की संध्या को बूथ मेंबर्स प्रत्येक लाभार्थियों को घर जाकर ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित करने के लिए आवाहन करेंगे। उन्होंने कहा कि हर एक दिया पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जन सेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जिला महामंत्री सुशील शर्मा, जिला अध्यक्ष युवा प्रशांत पंडित, जिला उपाध्यक्ष सृष्टि आहूजा बंसल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
