विधायक चीमा से मुलाकात कर लोगों ने की विकास कार्यों पर की चर्चा
-मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से प्राप्त आर्थिक सहायता के चेक पात्र लोगों को सौंपे विधायक चीमा ने

काशीपुर। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने अपने कार्यालय में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से आए व्यक्तियों से मुलाकात कर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जनसमस्याओं एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं को भी उन्होंने गंभीरता से सुना तथा प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया। विधायक ने कहा कि जनसेवा ही हमारा सर्वोच्च दायित्व है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘विकल्प रहित संकल्प’ एवं ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उधर, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से प्राप्त आर्थिक सहायता के चेकों का वितरण भी विधायक त्रिलोक सिंह चीमा द्वारा किया गया। निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह तथा गंभीर बीमारी से जूझ रहे व्यक्तियों के उपचार हेतु सहायता राशि के चेक प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार निरंतर गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार कर रही है।
