बाइक सवार को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस पेड़ से टकराई, दर्जनभर यात्री घायल

काशीपुर। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में देहरादून से हल्द्वानी जा रही एक रोडवेज बस यहां मंडी समिति के सामने पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में 13 यात्री घायल हो गए। उपचार के बाद सभी गंतव्य को चले गए।
जानकारी के अनुसार देहरादून डिपो की बस संख्या यूके 7पीए 4512 देहरादून से हल्द्वानी जा रही थी। शनिवार सुबह करीब 7 बजे बस काशीपुर में मंडी समिति के पास पहुंची, तभी एक बाइक सवार अचानक बस के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस पेड़ से टकरा गई। बस में 26 यात्री सवार थे। जिनमें 13 यात्री घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में उपचार हुआ। उपचार के बाद सभी दूसरी बस से अपने गंतव्य को चले गए। सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि घायल यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आई है। यात्रियों को दूसरी बस से हल्द्वानी भेजा गया है।
