आरओबी पर टूटे एक्सपेंशन ज्वाइंट को किया ठीक

काशीपुर। मीडिया में बार-बार खबर चलाने के बाद महाराणा प्रताप चौक पर बने आरओबी पर टूट रहे एक्सपेंशन ज्वाइंट को ठीक कराकर उखड़ रहे डामर को भी दुरुस्त कराया गया है। महाराणा प्रताप चौक पर आरओबी निर्माण कार्य वर्ष 2017 में शुरू हुआ था, जो वर्ष 2024 में बनकर तैयार हुआ था। पिछले साल मार्च में आरओबी में दरार आ गई थीं। तब इस आरओबी पर भारी वाहनों को चढ़ने से रोका गया था और एनएचएआई की ओर से मरम्मत कार्य कराया गया था। करीब दो माह बाद फिर से यातायात को सुचारू किया गया था। जून से आरओबी के ऊपर से भारी वाहन गुजरने शुरू हुए थे। अब आरओबी में लगे एक्सपेंशन ज्वाइंट फिर टूटने लगे। जगह-जगह पर ज्वाइंट उखड़ गए और डामर भी उखड़ना शुरू हो गया था। ऐसे में हादसे का खतरा मंडराने लगा है। रविवार को एक्सपेंशन ज्वाइंट को ठीक कराने के लिए अधिशासी अभियंता आशुतोष खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक्सपेंशन ज्वाइंट को ठीक कराया और उखड़े डामर को भी दुरुस्त कराया।
