राजकीय चिकित्सालय में हज यात्रियों का हुआ टीकाकरण

काशीपुर। उत्तराखंड सरकार की ओर से हज यात्रियों के लिए राजकीय चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, सीएमएस डॉ. एसके दीक्षित, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, मौलाना हाशमी नूरी जायरीन हज बैतुल्लाह, भाजपा नेता इंतजार हुसैन समेत सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।
यह टीकाकरण काशीपुर, जसपुर, बाजपुर और गदरपुर के जायरीन जो हज बैतुल्लाह के लिए जा रहे हैं, उनके लिए किया गया था। इसके उपरांत आगामी 11 अप्रैल को फैजान इंटर कॉलेज जसपुर में हज यात्रियों के लिए एक ट्रेनिंग का इंतजाम भी किया जाएगा, जिसमें हज पर जाने वाले जायरीनों को ट्रेनिंग दी जाएगी और ट्रेनिंग के माध्यम से खानपान की व्यवस्था के विषय में विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। बता दंे कि 132 हाजी यात्रियों को टीकाकरण किया जाना है, जिसमें से अब तक 50 प्रतिशत हज यात्रियों को टीका लगाया जा चुका है। अतिथियों ने सभी हज यात्रियों को मुबारकबाद देते हुए इसे एक पाक और पवित्र सफर बताया। उन्होंने कहा कि हज हमें समानता और भाईचारे का संदेश देता है, जहां सभी लोग एहराम में एक समान नजर आते हैं और अमीर-गरीब का कोई भेद नहीं रहता।
