संस्था ने कराया 51 निर्धन कन्याओं का विवाह

रुद्रपुर। अमर ज्योति सेवा संस्था द्वारा भव्य समारोह में 51 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। नवीन गल्ला मंडी में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। यहां 51 जोड़ों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए। रेलवे स्टेशन रोड से 51 रथों पर सवार दूल्हे बैंडबाजों के साथ बारात लेकर मुख्य बाजार से बरेली रोड होते हुए विवाह स्थल पहुंचे। बारात देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े रहे। समारोह में गायत्री परिवार हल्दूचैड़ के पुरोहित बसंत वल्लभ पांडे, जीवन चंद्र, अनुज अग्रवाल और सरस्वती सुयाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन कुंडों के समक्ष विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष श्रीकांत राठौर ने सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संतों ने भाग लेकर सामाजिक समरसता और सनातन धर्म की एकता पर जोर दिया।
