फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में फूंका निर्माण-निर्देशक का पुतला
-फिल्म पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की

काशीपुर। फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में आज यहां सैकड़ों की संख्या में यादव समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए फिल्म के निर्माता, निर्देशक का पुतला फूंका।
आक्रोशित लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर पहुंचकर फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के निर्माता संदीप तोमर और निर्देशक अंकित भड़ाना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से फिल्म पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी समाज को नकारात्मक और षड्यंत्रकारी रूप में दिखाना सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फिल्म के जरिए यादव समाज को ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील और विवादित मुद्दे से जोड़कर सुनियोजित तरीके से बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने निर्माता-निर्देशक से सार्वजनिक माफी की भी मांग की। वक्ताओं ने सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर किस आधार पर ऐसी फिल्म को अनुमति दी गई, जो समाज में वैमनस्य बढ़ा सकती है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन काशीपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशव्यापी स्वरूप ले सकता है। इस दौरान सतविंदर यादव, आकाश कांबोज, राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
