काशीपुर में 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क समाप्ति का लाभ मिला केवल 6 प्रतिशत मामलों में
-सूचना अधिकार के अन्तर्गत हुआ खुलासा

काशीपुर। काशीपुर नगर क्षेत्र में कई दशकों से चले आ रहे 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क को समाप्त करने का वायदा स्थानीय निकाय चुनाव 2025 में विभिन्न मेयर प्रत्याशियों द्वारा किया गया था। वर्तमान मेयर दीपक बाली ने चुनाव जीतने के बाद प्रथम निगम बैठक में ही उसे 07-02-2025 से समाप्त करने की घोषणा भी कर दी गयी। परन्तु 28 नवंबर 2025 तक कुल 522 मामलों में से केवल 6 प्रतिशत 30 मामलों में ही इसका लाभ देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यह खुलासा सूचना अधिकार के तहत नदीम उद्दीन एडवोकेट को नगर निगम द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूचना से हुआ है। नदीम उद्दीन एडवोकेट ने काशीपुर नगर निगम से दाखिल खारिज सम्बन्धी सूचना चाही थी। इस के उत्तर में नगर निगम के लोक सूचना अधिकारी/सहायक नगर आयुक्त ने अपने पत्रांक 945 दिनांक 28 नम्बर 2025 से सूचना उपलब्ध करायी है। श्री नदीम को उपलब्ध सूचना के अनुसार वर्तमान निगम द्वारा अपनी प्रथम बैठक 05 जनवरी 2025 के प्रस्ताव संख्या 2 से 07 फरवरी 2025 की सांय से 2 प्रतिशत दाखिल खारिज को जनहित तथा नगर वासियों के हित में तत्काल प्रभाव से समाप्त किये जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। उपलब्ध सूचना के अनुसार वर्ष 2025 में कुल दाखिल खारिजों की संख्या जिन पर 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क देय होता 522 दर्शायी गयी है जबकि ऐसे कुल दाखिल खारिज की संख्या जिन पर उक्त 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क नहीं जमा कराया गया है केवल 30 दर्शायी गयी है।
