सेना में लेफ्टिनेंट बने काशीपुर के रोहित

काशीपुर । आईएमए देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड में काशीपुर निवासी कान्ता प्रसाद ध्यानी के पुत्र रोहित ध्यानी ने थल सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिता कान्ता प्रसाद ध्यानी ने बताया कि रोहित ने 5वी तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय बड़ौदरा, एयर फोर्स स्कूल से प्राप्त की। रोहित की कक्षा 6 से 12वीं तक की शिक्षा, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ;नैनीतालद्ध से हुई। कक्षा 12वीं की पढ़ाई के दौरान उनका चयन एनडीए में हो गया था। रोहित पुणे में एनडीए की ट्रेनिंग के बाद एक साल आईएमए देहरादून से पासिंग आउट परेड में थल सेना के लेफ्टिनेंट बन गए हैं। लेफ्टिनेंट रोहित ध्यानी के पिता कांता प्रसाद ध्यानी वायुसेना में सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक काशीपुर में कार्यरत हैं व माता कुसुम ध्यानी वर्तमान में रोल मॉडल स्कूल काशीपुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। रोहित का बड़ा भाई रजत भी सेना में कैप्टन है।
