
काशीपुर। दुकान बंद कर घर आ रहे युवक से मोबाइल छीनकर भागे बाइक सवार दोनों युवकांे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पठानों वाली गली, कटोराताल निवासी रोहित दिवाकर पुत्र नारायण दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर की रात करीब नौ बजे वह अपनी दुकान बंद कर सरकारी अस्पताल के बराबर वाली सड़क पर चलकर घर आ रहा था कि बाइक सवार दो युवक उसका मोबाइल छीनकर विजयनगर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर बाइक सवारों की तलाश शुरू करते हुए टीम गठित की। गठित टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए क्षेत्र में मुखबिर सक्रिय किये। बीते रोज मुखबिर की सूचना पर टीम ने चैती फार्म निवासी राजन पाल पुत्र मनी राम तथा वैशाली कालोनी निवासी अभिषेक मनराल पुत्र जगदीश मनराल को छीने गये मोबाइल व घटना में प्रयुक्त बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनका अन्य अपराधिक इतिहास भी है। टीम में कटोराताल चौकी प्रभारी नवीन बुधानी, उपनिरीक्षक प्रकाश बोरा, हेड कां. रणजीत प्रसाद एवं कां. ईश्वर सिंह थे।
