
काशीपुर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय करनपुर में बीती 1 जुलाई को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
कुंडा थाना में पत्रकार वार्ता आयोजित कर सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय करनपुर में ग्रीष्म अवकाश के पश्चात प्रधानाध्यापक जितेन्द्र सिंह बीती 1 जुलाई की प्रातः जब विद्यालय आये तो मुख्य कक्ष का ताता टूटा मिला और एलईडी टीवी, कम्प्यूटर, 80 थाली व 80 गिलास, चावल के तीन बोरे 150 किलो, हैडफोन रिमोट गायब थे। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साक्ष्य जुटाकर मुखबिर की सूचना पर आज पुलिस टीम ने मंदिर वाली कालोनी करनपुर निवासी विशाल पुत्र सोमनाथ व नई बस्ती पीएम हाउस के पास काशीपुर निवासी अशोक पुत्र रामचन्द्र को अफजलगढ़ बेचने जा रहे 52 इंच एलईडी टीवी व रिमोट के साथ गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने विद्यालय में चोरी की घटना को कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सामान कम्प्यूटर, 80 थाली व 80 ग्लास और घटना में प्रयुक्त आला नकब सम्बल व तोड़ा गया ताला भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, उपनिरीक्षक भूमिका पांडे व मनोहर चन्द्र, कां. गिरीश पाटनी व हरीश प्रसाद शामिल रहे।
