नई दिल्ली। भारत की बेटियों ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में इतिहास रच दिया है। तीरंदाजी के कंपाउंड इवेंट में भारतीय तीरंदाज बेटियों ने देश का झंडा फहराया। परनीत कौर, अदिति गोपीचंद स्वामी और ज्योति सुरेशा वेन्नम की महिला टीम ने बर्लिन में फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त मैक्सिको को 235-229 से हरा दिया। इस तरह भारत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में पहला गोल्ड पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पीएम मोदी ने भी इन सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
ज्योति सुरेखा, परनीत कौर और अदिति की भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने बर्लिन में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीता। यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला गोल्ड था। भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में मैक्सिको की टीम में शामिल डैफने क्विंटेरो, एना सोफिया हर्नांडेज जियोन और एंड्रिया बेसेरा को 235-229 से हराया। सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय बेटियों ने गत चैंपियन कोलंबिया को 220-216 से शिकस्त दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने पहले दौर में बाई मिलने के बाद क्रमशः क्वार्टर फाइनल और प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे और तुर्की को हराया था। वहीं बर्लिन में हुए इस इवेंट से पहले भारत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में 11 पदक जीते थे, इसमें नौ सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।
2017 और 2021 में सिल्वर और 2019 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद, विश्व चैंपियनशिप में कंपाउंड इवेंट में भारतीय महिला टीम का लगातार चैथा पदक था। ज्योति सभी चार पदक विजेता टीमों का हिस्सा रही हैं। कंपाउंड पुरुष टीम स्पर्धा में अभिषेक वर्मा, ओजस देवताले और प्रथमेश जावकर नीदरलैंड से 230-235 से हारकर क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए थे। वहीं मिश्रित कंपाउंड टीम स्पर्धा में ओजस और ज्योति सुरेखा को क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के हाथों 154-153 से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने देश का नाम रोशन करने वालीं इन खिलाड़ियो को टवीट कर बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, भारत के लिए यह गर्व का क्षण है, हमारी असाधारण कंपाउंड महिला टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। हमारे चैंपियंस को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण यह उत्कृष्ट परिणाम आया है। इस सप्ताह की शुरुआत में, भारतीय रिकर्व तीरंदाजों को निराशा का सामना करना पड़ा था। जब पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारतीय टीम को ओलंपिक कोटा नहीं मिल पाया था। बर्लिन में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2023 तीरंदाजों के लिए पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए पहला क्वालीफायर इवेंट है।