नोएडा। टोल टैक्स की मामूली रकम को बचाने के चक्कर में कार चालक लुटेरों का शिकार बन रहे हैं। इसी तरह की वारदात बदायूं के एक कार चालक के साथ हुई है। कार चालक दिल्ली से लौटते वक्त दादरी-बुलंदशहर स्थित लुहारली टोल से होते हुए बदायूं जा रहा था। तभी उसके साथ यह वारदात हुई। बदमाश कार ड्राइवर संग लूटपाट कर उसे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, बदायूं का रहने वाला आबिद अपने कार मालिक के कुछ मेहमानों को दिल्ली में छोड़कर बदायूं वापस जा रहा था। दादरी-बुलंदशहर रोड पर लुहारली टोल प्लाजा पहुंचने पर आबिद ने अपनी कार एक कच्चे रास्ते पर उतार दी। यह रास्ता टोल प्लाजा को पीछे छोड़ते हुए आगे जाकर हाइवे पर मिल जाता है। नहर की पुलिया के पास उसे तीन लोगों ने हाथ देकर रोक लिया। एक बदमाश आगे की सीट पर आबिद के बराबर दो बदमाश पीछे की सीट पर बैठ गए। पीछे बैठे बदमाश ने आबिद की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। उसकी नगदी छीन ली। विरोध करने पर मारपीट भी की। आगे वाले बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। बदमाश दो-तीन घंटे तक आबिद को यहां-वहां घुमाते रहे। उसके बाद बदमाशों ने देर रात आबिद को ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में फेंक दिया। जाते वक्त उसकी कार भी लूट ले गए। बिसरख थाने में आबिद ने एफआईआर दर्ज कराई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब कोई कार चालक लुटा हो। अक्सर दिल्ली से लौटते वक्त कार चालक टोल बचाने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं और लुटेरों का शिकार हो जाते हैं।