काशीपुर। विगत विधान सभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे युवराज नरेंद्र चंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री से बमोसमी बरसात से नष्ट हुई किसानों की फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने एवं बिजली के बेतहाशा बढ़े दाम वापस लेने की मांग की है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एन सी बाबा ने कहा कि प्रदेश में बेमौसमी बरसात होने से जहाँ किसानों के सामने आर्थिक संकट एवं भुखमरी की नौबत आ गई है वहीं किसानों पर लदे बैंकों के फसली कर्ज को चुकता करने के भी लाले पड़ गए हैं, इस स्थिति में किसान दिवालिया हो जाएगा और बैंकों की देनदारी तथा अपने बच्चों की शिक्षा की फीस भी नहीं भर पायेगा। इन हालातों में बैंक भी अपने कर्ज की वसूली के लिए रेवन्यू विभाग को रिकवरी के लिए प्रताड़ित करने के लिए मजबूर कर देगा। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपया मुआवजा दिलाने की मांग की है, उन्होंने मुख्यंमत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को यदि मुआवजा न मिला तो वे किसान संगठनों के साथ आंदोलन की राह पर चलने को मजबूर होंगे ।
