नई दिल्ली। दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड में एक बार दिल्ली पुलिस की जांच पर सवाल उठा चुके पिता विकास वाकर ने अब संतोष जताया है। हालांकि महाराष्ट्र पुलिस पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की पुलिस ने मामले की जांच में जान बूझकर देरी की। दिल्ली पुलिस ने उनका डीएनए सैंपल लिया है। इसका बरामद बॉडी पार्ट के डीएनए से मैच कराया जाएगा। इससे पता चल सकेगा कि बरामद बॉडी पार्ट श्रद्धा के ही हैं या किसी और के। कहा कि श्रद्धा ने अपनी मां को अपने साथ हो रहे जुल्म की कहानी कई बार बताई थी। लेकिन दुख यह है कि अब वो भी जिंदा नहीं है। उन्होंने बताया कि श्रद्धा के एक दोस्त ने उसके गायब होने की सूचना दी थी। इसके तत्काल बाद उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बावजूद इसके महाराष्ट्र पुलिस कुछ खास नहीं कर पायी। वहीं जैसे ही मामला दिल्ली पुलिस के पास आया, तुरंत पूरी वारदात का खुलासा हो गया। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली पुलिस की जांच से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस जल्द ही इस वारदात के संबंध में सभी जरूरी सबूत इकट्ठा कर लेगी। इससे आरोपी को सजा दिलाने में मदद मिलेगी। श्रद्धा के पिता ने बताया कि आरोपी आफताब आए दिन उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। कई बार उसने उनकी बेटी के बाल पकड़ कर घसीटने की कोशिश की। इस संबंध में श्रद्धा कई बार अपनी मां को बता चुकी है। हालांकि उसकी मां ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धा की मां की भी मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि श्रद्धा ने अपनी मां के साथ बातचीत में कई बार बताया है कि वह आरोपी की हरकतों से बहुत परेशान है।