काशीपुर। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जबकि घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जनपद रामपुर के दढ़ियाल अंतर्गत ग्राम सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय मेहंदी हसन पुत्र अली
हसन यहां काशीपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाते थे। बीती शाम वह ग्राम धीमरखेड़ा में ई-रिक्शा से सवारी उतार रहे थे कि इसी दौरान एक टैªक्टर ट्राली की चपेट में आकर मेहंदी हसन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जिनमें दो पुत्र व दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। उधर जनपद बिजनौर के थाना रेहड़ ग्राम पुक्खावाला प्रेमनगर निवासी 45 वर्षीय रामपाल पुत्र फूल सिंह जसपुर निवासी अपने साले व ससुर के साथ जहानाबाद में धार्मिक स्थल पर गये थे। बीते दिवस वह ट्रेन से काशीपुर पहंुचने के बाद टैम्पो सं. यूके18 टीए-1222 में सवार होकर जसपुर जा रहे थे कि इस दौरान शिवराजपुर पट्टी चौकी के निकट आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे टैम्पों पीछे से डंपर में घुस गया। घटना में टैम्पो में सवार रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ससुर-साले समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को पुलिस ने सरकारी
अस्तपाल में भर्ती कराया है। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रों व पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। वहीं सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
