काशीपुर। सूर्या फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा संचालित आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चल रहे वृक्षारोपण महाअभियान के तहत पूरे देश में पौधारोपण किया जा रहा है जिसमंे इस वर्ष 7 नक्षत्र वाटिका का भी निर्माण किया जाएगा। एक नक्षत्र वाटिका का निर्माण काशीपुर के हरियावाला चौराहा स्थित श्मशान घाट में कराने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे गांववासियों एवं मंदिर समिति के सहयोग से तैयार किया गया है। इसका शुभारंभ बीते सोमवार को हरियावाला चौराहा स्थित शिव मंदिर में हवन-पूजन व पौधारोपण कर किया गया।
कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि सूर्या रोशनी के सीओ आशुतोष मिश्रा, योगराज सैनी छत्रपाल सैनी, अनुपम शर्मा, अरविंद शर्मा, राजू अनेजा, रणधीर सिंह सैनी, लखपत सिंह ने संकल्प व यज्ञ पूजा की। क्षेत्र प्रमुख नीतिश कुमार ने बताया कि सूर्या फाउंडेशन की ओर से एक अच्छी पहल की जा रही है। हिंदू संस्कृति में 27 नक्षत्र होते हैं। इन नक्षत्रों के अनुसार ही इसमें 27 प्रकार के पौधे लगाए गए। एक पौधे में एक देवता का वास होता है। इस प्रकार इस नक्षत्र वाटिका में 27 देवी देवताओं का भी वास होगा। वहीं आशुतोष मिश्रा ने बताया कि इस वाटिका में ग्रह नक्षत्रों के अनुसार पौधे लगाए गए है। इसलिए इसका नाम नक्षत्र वाटिका दिया गया है। कार्यक्रम में ग्रामवासियों के अलावा सूर्या फाउंडेशन के कार्यकर्ता ग्राम सेवा प्रमुख भरत साह, जेएफसी सुनील, गौरव, श्रवन, मंदिर के महंत जी, प्रीतम, देसराज आदि उपस्थित रहे।
