रुद्रपुर। आवास विकास निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक को बातों में उलझाकर युवक सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें युवक नजर आ रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आवास विकास विवेकानंद गली निवासी कृपाल सिंह ने बताया कि वह जनता इंटर कालेज के सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। बुधवार रात को वह दशमेश नगर स्थित दुकान से सामान लेकर घर आ रहे थे। इसी बीच उनके घर के पास स्कूटी पर एक युवक बैठा हुआ था। उसने शिक्षक को बातों में उलझाकर उनके गले में पड़ी सोने की चेन और एक अंगूठी निकाल ली। इसका पता चलते ही उन्होंने शोर मचाया तो आरोपित फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आवास विकास चैकी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान सीसीटीवी में आरोपित युवक कैद मिला। आवास विकास चैकी प्रभारी नीमा बोरा ने बताया कि कृपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।