काशीपुर। पुलिस व निगम प्रशासन ने आज मेन बाजार मंे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए अतिक्रमण की जद में आई दुकानों की पेड़ियां, बोर्ड व अन्य सामान को जब्त कर लिया। इस दौरान कहीं-कहीं दुकानदारों ने हल्का विरोध भी किया, जबकि निगम द्वारा कोर्ट के आदेश पर पूर्व लगाये गये निशानों के आधार पर अधिकतर दुकानदार पहले ही अपना अतिक्रमण हटा चुके थे। कुछ ही जगह पर टीम को अतिक्रमण हटाना पड़ा।
आज सुबह एसडीएम, तहसील प्रशासन व नगर निगम ने पुलिस टीम के साथ महाराण प्रताप चौक से मेन बाजार होते हुए किले तक व इसके बाद महाराणा प्रताप चौक से सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया मार्ग होते हुए आगे तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए दुकान के आगे नालियों से बाहर निकल रहे अतिक्रमण को हटाया। निगम की टीम ने बोर्ड समेत अन्य अतिक्रमण को अपने कब्जे में ले लिया। इस अभियान से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान मौके पर व्यापार मण्डल के पदाधिकारी भी पहुंचे और उन्होंने प्रशासन से अवैध अतिक्रमण को ही हटाने की मांग की। कार्यवाही के दौरान एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पूनम पंत, नायाब तहसीलदार भुवन चन्द्र आर्य, एमएनए विवेक रॉय, एसएनए आलोक उनियाल, एसपी चन्द्र मोहन सिंह, सीओ वीर सिंह, प्रभारी कोतवाल एसएसआई प्रदीप मिश्रा समेत कई चौकियों की पुलिस व उपनिरीक्षक मौके पर मौजूद रहे।
