काशीपुर। मां भगवती बाल सुन्दरी देवी का डोला मौहल्ला पक्काकोट स्थित नगर मंदिर से मंगलवार, 28 मार्च की रात जायेगा। इस हेतु गत दिवस नगर मंदिर से चैती मंदिर तक जाने वाले डोला मार्ग को लेकर सहायक प्रधान पंडा मनोज कुमार अग्निहोत्री ने काशीपुर में निर्माणाधीन आरओबी के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ एक बैठक की और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान निर्माणदायी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने सहायक प्रधान पंडा को माँ के डोला मार्ग को उक्त दिवस तक व्यवस्थित कराए जाने तथा मार्ग में प्रकाश की व्यवस्था कराए जाने का आश्वासन दिया। चैत्र मास के प्रथम नवरात्रि 22 मार्च को चैती मेला परिसर स्थित मां बाल सुंदरी देवी मंदिर प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ चैती मेले का शुभारंभ हो गया है। मेले में दुकानें लगाये जाने का क्रम जारी है। नवरात्र की सप्तमी की अ(र्रात्रि को पूजा-अर्चना के उपरांत मौहल्ला पक्काकोट स्थित नगर मंदिर से मां बाल सुंदरी देवी का डोला चैती मंदिर के लिए प्रस्थान करेगा और अष्टमी तिथि में तड़के करीब चार बजे चैती मेला पहुंचेगा, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां बाल सुन्दरी देवी की प्रतिमा मंदिर में विराजमान की जायेगी। सप्ताहभर मंदिर परिसर में रहने के पश्चात बुधवार 5 अप्रैल की तड़के मां का डोला पुनः नगर मंदिर पहुंचेगा। बताते चलें कि इस बार बाजपुर रोड पर फ्लाईओवर निर्माणकार्य के चलते मां बाल सुंदरी देवी के डोला मार्ग को लेकर शुरू में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन प्रशासन की मध्यस्थता के चलते आरओबी की निर्माणादायी कंपनी दीपक बिल्डर के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा शुरू से ही डोला यात्रा मार्ग को लेकर आश्वस्त किया गया था कि डोला जाने और वापस आने वाली मध्यरात्रि डोलायात्रा मार्ग व्यवस्थित रहेगा। सहायक प्रधान पंडा मनोज अग्निहोत्री ने बताया कि दीपक बिल्डर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय शर्मा द्वारा आश्वस्त किया गया है कि डोला आने-जाने के समय उक्त मार्ग पूरी तरह से दुरुस्त मिलेगा। उन्होंने कहा कि डोला और पैदल श्र(ालुओं सुरक्षा की दृष्टि से यहां से निकल पाएंगे बाकी अन्य वाहन महाराणा प्रताप चौक से चीमा चौराहा होते हुए तथा पटेल नगर से निकलते हुए डोले में सम्मिलित हो पाएंगे।
